Kisan Credit Card Yojana 2026 | खुशख़बरी ! किसान क्रेडिट कार्ड की लिमिट ₹5 लाख तक बढ़ी

Kisan Credit Card Yojana 2026 | कृषि क्षेत्र में किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने और उनकी वित्तीय समस्याओं का समाधान करने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना की शुरुआत की गई थी। यह योजना 1998 में शुरू की गई थी, जिसका प्रमुख उद्देश्य किसानों को उनकी कृषि आवश्यकताओं के लिए सस्ती ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराना था।

WhatsApp Group Join Us
Telegram Group Join Now

समय के साथ, इस योजना में कई बदलाव किए गए हैं ताकि किसानों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाया जा सके। सबसे बड़ा बदलाव बजट 2025-26 में हुआ, जब केंद्र सरकार ने KCC के तहत ब्याज सहायता वाली लोन लिमिट को ₹3 लाख से बढ़ाकर ₹5 लाख कर दिया। आज की पोस्ट में Kisan Credit Card Yojana की ताज़ा जानकारी, ब्याज दर, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया आपसे साझा करेंगे, इसलिए आपसे विनती है की पोस्ट को पूरा जरूर पढ़े:-

किसान क्रेडिट कार्ड योजना 2026 पर एक नजर

सरकार कृषि क्षेत्र में विकास को ध्यान में रखकर किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत किसान भाइयों को कृषि कार्यों जैसे बीज, खाद, कीटनाशक, सिंचाई और कृषि उपकरणों की खरीदने के लिए सस्ती ब्याज दर पर ऋण देती है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को महंगे साहूकारों से बचाना है, और उन्हें बैंकों से ऋण लेने की सुविधा प्रदान करना है। इस योजना के तहत किसान को एक कार्ड मिलता है, जिससे जरूरत के अनुसार बार-बार पैसा निकाला और चुकाया जा सकता है। यह एक रिवॉल्विंग क्रेडिट सुविधा है, यानी फसल के समय पैसा निकालें और कटाई के बाद चुका दें।

विवरणजानकारी
ब्याज सहायता वाली लोन लिमिट₹5 लाख तक (पहले ₹3 लाख)
लोन पर ब्याज दर7% प्रति वर्ष
समय पर चुकाने पर प्रोत्साहन (PRI)3%
प्रभावी ब्याज दरलगभग 4% प्रति वर्ष
बिना गारंटी (कोलैटरल-फ्री) लोन₹2 लाख तक
पशुपालन और मत्स्य पालन लोन पर ब्याज लाभ₹2 लाख तक
कार्ड की अवधि5 वर्ष (सालाना समीक्षा के साथ)
Kisan Credit Card Yojana | किसान क्रेडिट योजना , KCC

KCC की लिमिट ₹3 लाख से बढ़कर ₹5 लाख हुई – Kisan Credit Card Yojana

1 फरवरी 2025 को पेश बजट 2025-26 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने घोषणा की कि संशोधित ब्याज सहायता योजना (Modified Interest Subvention Scheme – MISS) के तहत KCC से लिए गए ऋण की सीमा ₹3 लाख से बढ़ाकर ₹5 लाख की जाएगी। सरकार का उद्देश्य किसानों को संस्थागत ऋण तक बेहतर पहुंच देना और कृषि उत्पादकता बढ़ाना है।

यहां एक बात समझना जरूरी है। KCC के तहत ऋण की कोई तय अधिकतम सीमा नहीं है, यह आपकी जमीन, उगाई जाने वाली फसलों और जरूरत के आधार पर बैंक तय करता है। ₹5 लाख की सीमा सस्ती ब्याज दर (सब्सिडी) के लाभ पर लागू होती है। ₹3 लाख से ऊपर के ऋण पर ब्याज दर संबंधित बैंक की अपनी नीति के अनुसार तय होती है। बजट 2026 में इस व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार देश में 7.7 करोड़ से ज्यादा सक्रिय किसान क्रेडिट कार्ड हैं और इन पर बकाया कृषि ऋण ₹10 लाख करोड़ से अधिक हो चुका है।

KCC पर ब्याज दर और सब्सिडी कितनी मिलती है?

संशोधित ब्याज सहायता योजना के तहत किसानों को KCC पर अल्पकालिक फसल ऋण 7% सालाना ब्याज दर पर मिलता है। इसके लिए सरकार बैंकों को 1.5% की ब्याज सहायता देती है। इसके अलावा, जो किसान समय पर ऋण चुकाते हैं, उन्हें 3% का शीघ्र पुनर्भुगतान प्रोत्साहन (PRI) मिलता है, जिससे उनकी प्रभावी ब्याज दर घटकर लगभग 4% रह जाती है।

पशुपालन और मत्स्य पालन के लिए केवल इसी उद्देश्य से लिए गए ऋण पर यह ब्याज लाभ ₹2 लाख तक की सीमा में मिलता है। साथ ही ₹2 लाख तक का ऋण बिना किसी गारंटी (कोलैटरल) के भी मिल सकता है। प्राकृतिक आपदा की स्थिति में ब्याज राहत और ऋण पुनर्गठन की सुविधा भी उपलब्ध है। ध्यान रखें, भुगतान में देरी होने पर उस ऋण चक्र के लिए 3% का प्रोत्साहन नहीं मिलता।

KCC के लिए कैसे करें आवेदन?

किसान क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन करना बहुत ही आसान है। किसान अपने नजदीकी बैंक शाखा, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) या बैंक की वेबसाइट/ऐप के जरिए आवेदन कर सकते हैं। PM-Kisan योजना के लाभार्थी PM-Kisan पोर्टल से KCC का फॉर्म भी डाउनलोड कर सकते हैं। आवेदन के लिए पहचान पत्र, आधार कार्ड, भूमि के दस्तावेज़, फसल की जानकारी और पासपोर्ट साइज फोटो जैसे दस्तावेज़ों की आवश्यकता होगी।

योजना से जुड़े सवाल-जवाब ( FAQ’s )

किसान क्रेडिट कार्ड के लिए कौन पात्र है?

किसान, पशुपालक, मत्स्य पालन करने वाले किसान, बागवानी करने वाले किसान और जो लोग खेती से जुड़े हैं, वे इस योजना के तहत किसान क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं।

KCC की नई लोन लिमिट और ब्याज दर कितनी है?

बजट 2025-26 के बाद KCC पर ब्याज सहायता वाली लोन लिमिट ₹5 लाख है। ऋण 7% ब्याज पर मिलता है और समय पर चुकाने पर 3% प्रोत्साहन मिलने से प्रभावी ब्याज दर लगभग 4% रह जाती है।

किसान क्रेडिट कार्ड के तहत बीमा सुविधा क्या है?

KCC धारकों को बैंक के माध्यम से फसल बीमा और दुर्घटना बीमा जैसी सुविधाएं मिल सकती हैं। बीमा कवर की राशि और शर्तें संबंधित बैंक और बीमा योजना के अनुसार अलग हो सकती हैं, इसलिए अपनी बैंक शाखा से पूरी जानकारी जरूर लें।

किसान क्रेडिट कार्ड की वैधता कितनी होती है?

किसान क्रेडिट कार्ड की वैधता 5 साल तक होती है, जिसकी हर साल समीक्षा की जाती है। इसके बाद किसान इसे फिर से नवीनीकृत कर सकते हैं। नवीनीकरण के लिए बैंक से संपर्क करके आवश्यक दस्तावेज़ प्रस्तुत करने होते हैं।